‘2026 ही नया 2016 है’: सोशल मीडिया क्यों एक दशक पुराने दौर में लौट रहा है
सोशल मीडिया पर ‘2026 is the new 2016’ ट्रेंड क्यों वायरल हो रहा है और इंटरनेट एक बार फिर पुराने डिजिटल दौर में क्यों लौट रहा है।
2026 की शुरुआत होते ही सोशल मीडिया पर नॉस्टैल्जिया की बाढ़ आ गई है। इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर पुराने सेल्फी, धुंधली मोबाइल तस्वीरें, स्नैपचैट फिल्टर्स और सालों पुराने स्क्रीनशॉट छाए हुए हैं। लोग अपने कैमरा रोल खंगालकर यह दिखा रहे हैं कि वे 10 साल पहले कैसे थे, और ज्यादातर पोस्ट के साथ लिखा है — “2026 is the new 2016.”
फूलों वाले क्राउन फिल्टर, Pokémon Go स्क्रीनशॉट और लो-क्वालिटी वीडियो सोशल मीडिया को एक डिजिटल टाइम कैप्सूल में बदल रहे हैं। मोटी भौंहें, ग्लॉसी मेकअप और जरूरत से ज्यादा फिल्टर — यह सब फिर से ट्रेंड में है।
इस ट्रेंड ने जनवरी की शुरुआत से ही जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। BBC के मुताबिक, TikTok पर “2016” से जुड़े सर्च में 450% से ज्यादा उछालआया है। वहीं #2016 हैशटैग टिकटॉक पर 10 लाख से ज्यादा पोस्ट और इंस्टाग्राम पर करोड़ों पोस्ट पार कर चुका है।
सेलेब्रिटीज भी हुए शामिल
इस नॉस्टैल्जिया ट्रेंड में सेलेब्रिटीज भी पीछे नहीं रहे। Selena Gomez ने अपने पुराने टूर दिनों की तस्वीरें शेयर कीं, जबकि Charlie Puth ने अपने 2016 के हिट गाने We Don’t Talk Anymore पर वीडियो पोस्ट किया। भारत में Kareena Kapoor Khan और Ananya Panday ने भी पुराने फोटो शेयर कर ट्रेंड में हिस्सा लिया।
इस ट्रेंड का मतलब क्या है?
यह ट्रेंड सिर्फ पुरानी तस्वीरें डालने तक सीमित नहीं है। लोग अपने 2016 के पलों को शेयर कर यह याद कर रहे हैं कि वह दौर कैसा था और क्यों खास था। विजुअल्स तुरंत पहचान में आ जाते हैं — बोल्ड मेकअप, पेंसिल स्कर्ट, स्नैपचैट के डॉग-ईयर फिल्टर।
असल में, यह ट्रेंड उस समय की सादगी की चाह को दर्शाता है — महामारी से पहले का दौर, AI और फेक न्यूज से पहले का इंटरनेट। यहां तक कि Instagram ने भी अपने आधिकारिक अकाउंट पर 2016 की यादें शेयर कीं।
उस समय Boomerangs, Retrica और Dubsmash हर जगह थे। सोशल मीडिया अव्यवस्थित जरूर था, लेकिन हल्का-फुल्का और मजेदार भी।
2016 की यादगार पॉप कल्चर झलकियां
2016 पॉप कल्चर से भरा साल था। Taylor Swift का Coachella लुक, Rae Sremmurd का Mannequin Challenge, Drake के गाने, और Vine का आखिरी दौर — सब यादगार हैं।
भारत में Aishwarya Rai Bachchan की Cannes में पर्पल लिपस्टिक और Kareena Kapoor Khan का प्रेग्नेंसी में रैंप वॉक चर्चा में रहा। इसी साल Leonardo DiCaprio को पहला ऑस्कर मिला और Netflix ने भारत में एंट्री की।
इसीलिए सोशल मीडिया 2016 में लौट रहा है। “2026 is the new 2016” ट्रेंड सिर्फ तस्वीरों का खेल नहीं, बल्कि उस दौर में लौटने की एक कोशिश है जो सरल, शोर-शराबे वाला और मजेदार था।
aaravi_editor